गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला के खुटेहना तिराहे पर एक किराने की दुकान में काला बाजारी के उद्देश्य से बाल विकास परियोजना का पोषाहार रखा गया था। इसकी शिकायत कुछ लोगों द्वारा उप जिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी से की गई थी। शिकायत के बाद एसडीएम ने रविवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह व गिलौला पुलिस के साथ दुकान में छापा मारा।
छापे के दौरान दुकान से गर्भवती व धात्री महिलाओं सहित नौनिहालों को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार व बोरियां बरामद हुई। जिसे डीपीओ द्वारा कब्जे मे लेकर उसका नमूना जांच के लिये भेज दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि संबंधित दुकान पर बाल विकास परियोजना के पौष्टिक आहार अवैध बिक्री के लिए रखे होने की सूचना व खाद्यान्न की बोरी काटते हुए वीडियो वायरल हुआ था। जिसके आधार पर दुकान में छापा मारा गया। जहां से पौष्टिक आहार, चना दाल, तेल व दलिया के साथ विभाग की बोरियां भी बरामद हुई हैं। जिसे डीपीओ के सुपुर्द कर दिया गया है। नमूना जांच के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)