इकौना/कटरा (श्रावस्ती)। अपर मुख्य सचिव पंचायती राज व राजस्व ने गुरुवार जिले का दौरा किया। इस दौरान कटरा श्रावस्ती में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। इसमें विभागीय कार्यों की समीक्षा किया। इसके साथ ही महामंगकोल मंदिर का दौरा किया। इस मंदिर के रास्ते में हुए अतिक्रमण व उसके उपयोग परिवर्तन को लेकर काफी दिनों से मामला चल रहा है। उन्होंने जमीन संबंधी विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।
पंचायती राज व राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह श्रावस्ती पहुंचे। उन्होंने डीएम नेहा प्रकाश, सीडीओ ईशान प्रताप सिंह सहित जिले के अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन कटरा सभागार कक्ष का लोकार्पण किया। इसके साथ ही समूह सखियों के साथ बैठक की। उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा सहित राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण स्तर पर होने वाले जमीन संबंधी विवादों को सुलह-समझौते के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।
वहीं विभागीय समीक्षा के साथ-साथ उन्होंने महामंगकोल मेडीटेशन सेंटर को भी देखा। महामंगकोल छाय धम्मा ट्रस्ट पर स्थानीय ग्रामीणों ने सरकारी भूमि जिसमें रास्ता व जल निकासी के प्राकृतिक स्रोत शामिल हैं, पर कब्जा करने का आरोप लगाया। यही नहीं यह ट्रस्ट सार्वजनिक उपयोग की भूमि के स्वरूप में भी परिवर्तन को लेकर काफी दिनों से प्रयासरत है जिस पर प्रशासन सहमत नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि सार्वजनिक भूमि का स्वरूप परिवर्तित हुआ तो कई गांवों का रास्ता बाधित होगा, साथ ही जलभराव की समस्या बढ़ेगी। यह मामला अब प्रशासन से हटकर शासन स्तर पर पहुंच चुका है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इसी विवाद को सुलझाने के लिए शायद अपर मुख्य सचिव को यहां का दौरा करना पड़ा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट परीक्षित खटाना, उपजिलाधिकारी इकौना आरपी चौधरी, परियोजना निदेशक इंद्रपाल सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।