कटरा (श्रावस्ती)। खरगौरा जुनूब के मजरा लोहारनपुरवा निवासी डेढ़ वर्षीय मासूम खेलते समय शुक्रवार को दाल के भगौने में गिरकर झुलस गई। परिवारीजनों ने उसे सीएचसी इकौना में भर्ती कराया जहां से हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल, बहराइच रेफर किया गया है। धर्मेंद्र कुमार की डेढ़ वर्षीय पुत्री किरन शुक्रवार को घर में खेल रही थी। बगल में ही उसकी मां चूल्हे पर खाना बना रही थी।
जैसे ही महिला ने चूल्हे से दाल का भगौना नीचे उतारा तो अचानक किरन खेलते-खेलते उसमें गिर गई। इस दौरान दाल गर्म होने के कारण वह झुलस गई। परिवारीजनों ने आनन फानन में मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इकौना में भर्ती कराया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मासूम की हालत गंभीर होने के कारण जिला चिकित्सालय, बहराइच रेफर कर दिया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।