श्रावस्ती। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। ताकि स्वस्थ श्रावस्ती के सपने को साकार किया जा सके। इसके लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वैन रवाना की गई। जिसे डीएम व सीडीओ ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। मौके पर जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है। जानकारी के अभाव में इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। जिन्हें अब जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जिले के नगर व ग्रामीण क्षेत्रों सहित कस्बों व बाजारों में वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान में लोगों को स्वास्थ्य लाभ देने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही है। इन योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है। लेकिन लोगों में जागरूकता की कमी के कारण वे योजनाओं का लाभ नही उठा पा रहे है। इसलिये लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता वैन संचालित की जाएगी।
सीएमओ डा. एपी भार्गव ने कहा कि इस अभियान के तहत जिले में विभिन्न योजनाओं जैसे राष्ट्रीय जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना, मिशन इन्द्रधनुष योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण योजना, पल्स पोलियो अभियान, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय अंधता निवारण, मच्छर जनित रोग कार्यक्रम, ग्राम स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सहित कई अन्य योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं के बारे में प्रचार प्रसार नहीं होने के कारण योजनाओं का लाभ नही ले पा रहे है। इसलिये इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए लोगों को जागरूक करने की पहल की जा रही है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी कमलेश चन्द्र, ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट परीक्षित खटाना, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मुकेश मातनहेलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।