श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव लड़ रहे जिन प्रत्याशियों ने आपराधिक मामलों का प्रकाशन अभी तक नहीं कराया है उन्हें चिह्नित कर रिटर्निंग आफिसर नोटिस भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। यह निर्देश भिनगा विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक डा. पी भास्कर व श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने दिया। वह मंगलवार को विकास भवन स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ चुनावी कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे।
दोनों ही प्रेक्षकों ने शांतिपूर्ण माहौल में पूरी निष्पक्षता के साथ मतदान कार्य निपटाने के लिए पोस्टल बैलेट, फर्नीचर और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित कराने और चुनाव से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराए जाने की भी जरूरत जतायी। निर्देश दिया कि जिन प्रत्याशियों द्वारा अभी तक आयोग की गाइड लाइन के अनुसार अपना आपराधिक इतिहास समाचार पत्रों एवं न्यूज चैनलों पर प्रसारित एवं प्रकाशित नहीं कराया है, उन्हें संबंधित रिटर्निंग आफीसर के माध्यम से तत्काल नोटिस जारी कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध कराए जाए। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए गठित एसएसटी, वीएसटी, वीवीटी व लेखा टीमें निरंतर क्रियाशील रह कर चौबीस घंटे पूरी सक्रियता के साथ कार्य करे और सभी थाना क्षेत्रों में सघन बैरियर चेक पोस्ट लगाकर नाकाबंदी कर नकदी व अवैध शराब की धरपकड़ की जाए। बैठक में व्यय प्रेक्षक सत्य प्रकाश सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम नेहा प्रकाश, एसपी अरविन्द कुमार मौर्य एडीएम कमलेश चंद्र समेत अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।