श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस व एसएसबी की विशेष निगरानी है। इसके लिए सीमा पर एसएसबी दस्ते की गश्त बढ़ाई जा रही है। इस संबंध में हुई बैठक के दौरान डीएम ने जानकारी दी कि कंट्रोल रूम को अब तक 64 शिकायतें मिल चुकी हैं जिनका निस्तारण किया जा चुका है। कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि श्रावस्ती सहित बहराइच की कई विधानसभा सीटों का क्षेत्र नेपाल सीमा से लगता है। दोनों देशों में सौहार्दपूर्ण संबंध भी हैं इसलिए आम लोगों का आना-जाना रहता है, लेकिन चुनाव के दौरान सीमा पार से आने जाने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
इसके लिए एसएसबी व पुलिस के साथ वन विभाग की टीम आपसी समन्वय स्थापित कर गश्त बढ़ा दे। उन्होंने कहा कि मुखबिरों को भी सक्रिय करें ताकि नेपाल की ओर से आने वाले मादक पदार्थ व अन्य सामानों की तस्करी को रोका जा सके। यही नहीं सीमांत गांवों में भी निगरानी रखी जाए ताकि कोई भी बाहरी उपद्रवी व्यक्ति गांव में चुनाव व उसके बाद शरण न ले पाए। इस दौरान बैठक में मौजूद आयुक्त ने सभी नोडल व सहायक अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीएम नेहा प्रकाश ने बताया कि जिले में 809405 मतदाता है जिनमें से 430482 पुरुष व 378882 महिलाएं हैं। जिले में 493 मतदान केंद्र, 902 मतदेय स्थल तथा 5 सहायक मतदेय स्थल बनाए गए है। इनमें 92 संवेदनशील मतदान केंद्रों के अंतर्गत 201 संवेदनशील मतदेय स्थल हैं। चुनाव में किसी भी प्रकार की सूचना देने के लिए जिला संपर्क केंद्र बनाया गया है जिसका नंबर 1950 व 7068143937 है। अब तक 1950 पर 62 शिकायतें प्राप्त र्हुइं हैं जिनका निस्तारण कराया जा चुका है। सी-विजिल ऐप के माध्यम से 2 शिकायतें प्राप्त हुईं हैं।