श्रावस्ती। तराई में बदरी, कोहरा व बरसात के कारण बीते एक पखवारे से बिगड़ा मौसम का मिजाज अब पटरी पर आता दिखने लगा है। सोमवार को कोहरे की चादर चीर कर निकली गुनगुनी धूप ने सभी को ठिठुरन से काफी हद तक राहत दिलाते हुए ठंड के एहसास को दूर भगाया। मौसम सामान्य होने से जहां बच्चों ने पार्कों व खेल के मैदान में धूम मचायी तो शहर के सभी छोटे बड़े बाजार भी खरीददारों की भीड़भाड़ से गुलजार नजर आए।
जिले में विगत एक पखवाड़े से शीतलहर का प्रकोप व्याप्त था। इस दौरान कभी बदरी, कभी बूंदा बांदी तो कभी तेज बरसात के बाद छाने वाले घने कोहरे ने लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल भरा कर दिया था। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के साथ चलने वाली बर्फीली हवाओं व पाले के कारण ठिठुरन कम होने का नाम नहीं ले रही थी। ऐसे में सोमवार को सुबह दस बजे के बाद धीरे धीरे बिखरी गुनगुनी धूप ने सभी को ठिठुरन से राहत दिलायी। खेती किसानी के लिए भी मौसम का खुलना और धूप निकलना काफी राहत भरा माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि धूप निकलने से कोहरे व पाले से मुरझायी फसल को फिर से बेहतर बनने का मौका मिल सकेगा।