कटरा (श्रावस्ती)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था आयोग भारत सरकार के चेयरमैन रविवार को श्रावस्ती पहुंचे। दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। चेयरमैन सहित कई अन्य ने मंदिर परिसर में आयोजित पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश, जिला एवं सत्र न्यायाधीश साकेत बिहारी दीपक, सचिव उत्तर प्रदेश सरकार मनोज कुमार तथा डॉ. आशीष गुप्ता सहित दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष संजीव कुमार जैन ने स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर उनको सम्मानित किया। समाज सेविका मनीषा जैन ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट किया।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था आयोग के चेयरमैन ने कहा कि हमारे देश की पहचान सदैव अनेकता में एकता की रही है। देश के जवान सीमा पर रहकर सुरक्षा कर रहे हैं। वह कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जान की बाजी लगाकर भारत देश की सुरक्षा में डटे हैं। हमारे देश के संविधान में धार्मिक शिक्षा को समझाया गया है। जो आज विलुप्त हो रही है। हमारे देश का संविधान पूरे विश्व के सभी संविधानों से श्रेष्ठ है। सुबल सागर जी महाराज ने मंदिर परिसर के बगल के तालाब का सुंदरीकरण कराने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने इस तालाब को पार्क के रूप में विकसित करने की बात कही। इस पर डीएम ने अपने स्तर से पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद चेयरमैन ने अधिकारियों के साथ बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती के विभिन्न दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान एसडीएम इकौना आरपी चौधरी, डॉ. मृदुल कुमार शुक्ला, नवीन माडर्न थाना प्रभारी सतगुरु प्रसाद मिश्रा, महेंद्र कुमार जैन, प्रकाश चंद्र जैन, संजीव कुमार जैन, सुरेंद्र कुमार जैन, स्वरूप चंद्र जैन सहित कई अन्य जैन धर्म के अनुयायी मौजूद रहे।