जिला नगरीय विकास अभिकरण की बैठक में डीएम ने दिया निर्देश
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट स्थित कक्ष में शुक्रवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण की बैठक हुई। इसमें डीएम ने जिला नगरीय विकास अभिकरण से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। साथ ही राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन व आसरा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) से पात्रों को लाभान्वित कराने का निर्देश दिया।
बैठक में डीएम कृतिका शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजना के तहत निष्क्रिय समूहों को फिर सक्रिय कर उसे संचालित करें ताकि पात्रों को लाभान्वित किया जा सके। कौशल प्रशिक्षण एवं सेवायोजन के माध्यम से रोजगार की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों का सर्टिफिकेशन कराया जाए। स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत जिन लाभार्थियों को रोजगार मिला है, उनका मौके पर जाकर सत्यापन कराया जाए। रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के लिए नगर पालिका व नगर पंचायत वेंडिंग जोन में संबंधित अधिशासी अधिकारियों से समन्वय बनाकर शिफ्ट कराएं। आसरा योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि तहसील, नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित डूडा के माध्यम से कमेटी का गठन करते हुए पात्रों का चयन कर उन्हें शिफ्ट किया जाए। जांच में जो अपात्र मिलें उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाए। बैठक में एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीएम प्रशिक्षु चंद्रपाल भदौरिया, डूडा के शहरी मिशन प्रबंधक आरिफ जफर खान, शहरी आजीविका केंद्र प्रबंधक प्रदीप शुक्ला, अश्वनी सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद ******************************
सेवानिवृत्त निरीक्षक व मुख्य आरक्षी को मिली विदाई
श्रावस्ती। जिले में तैनात निरीक्षक (गोपनीय) शिव शंकर राम, निरीक्षक नागरिक पुलिस सर्वजीत प्रसाद मौर्य, मुख्य आरक्षी सशस्त्र शिवपूजन यादव व मुख्य आरक्षी ओंकार नाथ राय शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। जिनके सम्मान में पुलिस लाइन सभागार में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मौजूद एसपी प्राची सिंह व सीओ सिटी अतुल कुमार चौबे ने उन्हें शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर विभाग से विदा किया। इस दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त निरीक्षक व मुख्य आरक्षी को माल्यार्पण कर विभाग से विदाई दिया। संवाद