श्रावस्ती। निकाय चुनावों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। भारत व नेपाल सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त बैठक मंगलवार को राजपुर पुलिस चौकी पर हुई। अध्यक्षता एसपी प्राची सिंह ने की।बैठक में निकाय चुनाव के दौरान बॉर्डर पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ बॉर्डर पर मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, सीमा पर हो रही अन्य गतिविधियों पर अंकुश लगाने पर संयुक्त रूप से सहमति बनी। यह भी तय किया गया कि चुनाव तक दोनों देश की सुरक्षा एजेंसियां बॉर्डर पर विशेष गश्त अभियान चलाएंगी, ताकि आने जाने वालों पर निगाह रखी जा सके।
वहीं एसएसबी सीमा क्षेत्र के गांवों के लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर सूचनाएं एकत्रित करेंगे जिसका आदान प्रदान दोनों देश करेंगे। इस मौके पर एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ नगर अतुल कुमार चौबे, सीओ जमुनहा सतीश शर्मा, एसएसबी तुरसमा प्रभारी भारत भूषण इलाका प्रहरी भगवानपुर पुष्कर राज जोशी, प्रभारी चौकी इलाका प्रहरी नरैनापुर आदि मौजूद रहे। - संवाद