श्रावस्ती में बरसात के बीच धान की रोपाई करतीं महिलाएं।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। तराई में विगत तीन दिनों से मेघ मेहरबान हैं। रिमझिम तो कभी झमाझम बरसात से खेत जलमग्न हो गए हैं। लगातार हो रही बरसात के कारण मौसम का मिजाज भी काफी नर्म हो गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। खेतों में पानी पाकर जहां किसानों ने धान की रोपाई तेज कर दी है। वहीं जगह-जगह व्याप्त कीचड़ व जलभराव से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।
जिले में बुधवार से मेघ मेहरबान हैं। रिमझिम तो कभी झमाझम बरसात से हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे राह है। खेतों में पर्याप्त पानी पाकर सिरसिया व हरिहरपुरानी क्षेत्र के किसानों ने धान की रोपाई का काम तेज कर दिया है। वहीं नेपाल सहित पहाड़ों पर हो रही झमाझम बरसात के कारण सिरसिया क्षेत्र के पहाड़ी नाले व भिनगा जंगल का केन नाला भी उफान पर है। इससे भिनगा जंगल पानी से लबालब भर गया है।
इसका पानी भिनगा लक्ष्मनपुर मार्ग स्थित रेहली के निकट डिप पर आने के कारण एक बार फिर मार्ग पर आवागमन पर असर पड़ रहा है। हालांकि अभी मार्ग पर आवागमन बाधित नहीं हुआ है। वहीं भिनगा तालबघौड़ा मार्ग पर तेंदुआ रतनपुर गांव के निकट केन नाले का पानी पुल पर आने को बेताब है। यदि और बरसात हुई तो भिनगा लक्ष्मनपुर व भिनगा तालबघौड़ा मार्ग पर आवागमन बाधित हो सकता है।
वहीं भिनगा में खैरी मोड़ पर मुख्यमार्ग पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। यही स्थित भिनगा व इकौना नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की भी है। जहां व्याप्त कीचड़ व जलभराव के कारण लोग परेशान हैं। हालांकि इस बरसात ने भीषण उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत दिलाई है।