दयाली गांव में राशन कार्ड फार्म के नाम पर वसूली के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : SRAWASTI
जमुनहा (श्रावस्ती)। दयाली गांव में राशन कार्ड बनाने के नाम पर पचास रुपए की वसूली की जा रही है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार शाम गांव में प्रदर्शन किया। वसूली करने आए दो लोगों को ग्रामीणों ने बंधक भी बना लिया। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती दोनों आरोपी मौका देख फरार हो गए।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर बनगई के मजरा दयाली गांव में फर्जी राशन कार्ड बनाने के नाम से 50 रुपये लेकर फार्म भराया जा रहा था। जिसे देख काफी संख्या में ग्रामीण 50 रुपये देकर फार्म भरवाने लगे। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनसे जो राशन कार्ड के नाम पर फार्म भरवाया जा रहा है, वह फर्जी भी हो सकता है। इसी बीच फतेहपुर बनगई के ग्राम पंचायत अधिकारी सुनील कुमार से कुछ ग्रामीणों ने शिकायत की। इस पर ग्राम सचिव ने राशन कार्ड के नाम पर भरवाया जा रहा फार्म फर्जी बताया।
वहीं फर्जी फार्म भरने वालों ने अपना पता जमुनहा तहसील बताया। इसके बाद फार्म भरवाने आए दो लोग बगल के पुरवा में पहुंच गए, जहां उन्हें ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। बंधक बनाए गए लोगों ने खुद को सरक मार्केटिंग सलूशन प्राइवेट लिमिटेड आलमबाग लखनऊ का वर्कर बताया। अपना नाम राजन कुमार निवासी नगर कोतवाली जिला मऊ व अवधेश कुमार थाना जहानाबाद जिला आजमगढ़ बताया। सूचना पाकर जमुनहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंचती, इससे पहले दोनों आरोपी ग्रामीणों को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। इस दौरान दयाली गांव में राशन कार्ड बनाने के नाम पर पचास रुपए की वसूली से नाराज ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन किया।