श्रावस्ती। स्वास्थ्य उपकेंद्र कलकलवा में तैनात एएनएम शनिवार को अधीक्षक के निर्देश के बाद भी केंद्र का ताला खेलने नहीं पहुंची। इससे केंद्र पर आई महिला का बाहर ही प्रसव कराना पड़ा। इसकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने उसका वेतन बाधित कर उसे प्रतिकूल प्रविष्ट देते हुए जवाब तलब किया है।
मालूम रहे कि मल्हीपुर के ग्राम बरगदहा के मजरा घुमना निवासिनी अनीता यादव (28) पत्नी बाबू यादव शनिवार को प्रसव के लिए स्वास्थ्य उपकेंद्र कलकलवा आई थीं। जहां केंद्र पर ताला लगे होने पर परिवारीजनों ने इसकी सूचना सीएचसी मल्हीपुर के अधीक्षक डॉ. रविंद्र सोनकर को दी। सूचना के बाद सीएचसी अधीक्षक ने फोन कर केंद्र पर तैनात एएनएम कुमकुम वर्मा को केंद्र पर जाकर प्रसव कराने को कहा था। इसके बावजूद न तो वह केंद्र खोलने आई और न ही उसने प्रसव कराया। इतना ही नहीं उसने प्रसव कराने से इंकार भी कर दिया था। इस पर सीएचसी अधीक्षक ने एएनएम सुषमा मिश्रा को मौके पर भेजा था। जहां केंद्र बंद होने के कारण एएनएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय की रसोइयों के सहयोग से केंद्र के बाहर ही चादर से महिला को घेर कर प्रसव कराया था।
मामले में सीएचसी अधीक्षक ने एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र भेजा था। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए सीएमओ शारदा प्रसाद तिवारी ने लापरवाही के लिए केंद्र पर तैनात एएनएम कुमकुम वर्मा का वेतन बाधित करने के साथ ही उसे प्रतिकूल प्रविष्टि भी दी है। साथ ही उससे स्पष्टीकरण भी तलब किया है।