श्रावस्ती। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा मंगलवार से प्रारंभ हो रही है। यह परीक्षा दो पालियों में 26 मार्च तक कराई जाएगी। परीक्षा पूर्व सोमवार को सिरसिया का प्राथमिक विद्यालय अरहवा सुबह 9.42 बजे तक बंद रहा। इसके बाद विद्यालय तो खुला लेकिन वहां कोई शिक्षक उपस्थित नहीं था। रसोइया ने बताया कि विद्यालय की चाभी मेरे पास रहती है। इसलिए विद्यालय खोल कर हम अपना काम कर रहे हैं। अभी तक कोई शिक्षक नहीं आया है। यहां दो शिक्षक व दो शिक्षामित्र तैनात हैं। यहां मौजूद अभिभावकों का कहना था कि लगभग डेढ़ साल तक कोरोना के चलते विद्यालय बंद रहा। अब विद्यालय खुलने के बाद शिक्षक समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। वहीं मंगलवार से परीक्षा भी प्रारंभ हो रही है। ऐसे में इन शिक्षकों के भरोसे बच्चे क्या परीक्षा देंगे।
परिषदीय विद्यालय में पंजीकृत बच्चे
ब्लाक प्राथमिक विद्यालय उच्च प्राथमिक विद्यालय
गिलौला 18279 8905
हरिहरपुररानी 20298 7349
इकौना 18279 6905
जमुनहा 21017 7328
सिरसिया 23240 9862
कुल - 102628 39242
परीक्षा कार्यक्रम
बीएसए प्रभूराम ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से कक्षा आठ तक की परीक्षा मंगलवार से प्रारंभ हो रही है। परीक्षा के पहले दिन प्रथम पाली में कक्षा एक से पांच तक की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। जबकि कक्षा छह से आठ तक बेसिक क्राफ्ट, सामान्य कला, गृह विज्ञान, कृषि विज्ञान की परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय पाली में कक्षा छह से आठ तक खेल एवं शारीरिक कक्षा तथा स्काउटिंग की परीक्षा होगी। 23 मार्च को प्रथम पाली में कक्षा दो व तीन की गणित, कक्षा चार व पांच व कक्षा छह में हिंदी व कक्षा सात तथा आठ में विज्ञान की परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय पाली में कक्षा तीन से आठ तक संस्कृति व उर्दू की परीक्षा कराई जाएगी। 24 मार्च को प्रथम पाली में कक्षा तीन की हिंदी, चार से आठ तक सामाजिक विषय तथा द्वितीय पाली में दो से कक्षा आठ तक अंग्रेजी की परीक्षा होगी। 25 मार्च को प्रथम पाली में कक्षा दो की हिंदी, कक्षा तीन में सामाजिक विषय व शेष कक्षाओं में गणित की परीक्षा कराई जाएगी। वहीं द्वितीय पाली में कक्षा तीन से आठ तक कला व संगीत की परीक्षा होगी। जबकि 26 मार्च को प्रथम पाली में कक्षा तीन से पांच तक कार्य अनुभव व नैतिक शिक्षा, कक्षा छह का विज्ञान, कक्षा सात व आठ में हिंदी की परीक्षा होगी। वहीं द्वितीय पाली में कक्षा छह से आठ तक पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा होगी।