श्रावस्ती। तराई में बुधवार दोपहर मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। धूल भरी तेज हवा चलने से जहां कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, वहीं जमुनहा-बहराइच मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हो गया। इस बीच गिलौला क्षेत्र में एक विद्यालय का टिनशेड भी गिर गया। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।
जिले में बुधवार दोपहर अचानक चली धूल भरी हवा से कुछ देर के लिए आसमान में धुंध छा गई। इस बीच तेज हवा से मौसम का मिजाज भी नरम पड़ गया। अचानक चली तेज हवा ने करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित किया। वहीं जमुनहा-बहराइच मुख्य मार्ग स्थित चिचड़ी चौराहा व इटरौरी के बीच एक पीपल का पेड़ गिरने से आवागमन करीब दो घंटे तक बाधित रहा। वहीं तेज हवा से गिलौला के ग्राम प्रहलादा के माजरा लालपुर चौराहे पर कई घरों की टीन शेड़ उड़कर सड़क पर आ गिरी। वहीं कुछ घरों के छप्पर भी उड़ गए। तेज हवा के कारण श्रीराम बहोरी सरस्वती शिक्षा मंदिर लक्ष्मन नगर में पेड़ गिरने से विद्यालय की टीन शेड ढह गई। वहीं धूल भरी हवा से भिनगा व इकौना नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति करीब दो घंटे तक बाधित रही। मौसम सामान्य होने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई।