श्रावस्ती। ग्रामीण क्षेत्र के 1100 कामगारों को पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षण मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। इस योजना के तहत दिव्यांग लाभार्थियों को तरजीह दी जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्र में असंगठित रूप से कार्य करने वाले कामगारों को पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत पांच दिन का प्रशिक्षण मिलेगा। इसमें राजगीर, बढ़ाई, लोहार व सिलाई सहित कई अन्य ट्रेड शामिल हैं। इसमें चयनित लाभार्थियों को प्रशिक्षण स्थल पर आने व जाने के लिए पांच सौ रुपये रोजाना की दर से दो हजार पांच सौ रुपये मिलेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा रहा है। जिसे ग्राम पंचायत द्वारा सत्यापित किया जाएगा। इसके बाद जिलास्तरीय समिति प्रशिक्षण को मंजूरी देगी। प्रशिक्षण के बाद लाभार्थी को उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग मिलेगा। डीपीएम जिला पंचायत जटाशंकर मिश्र बताते हैं कि प्रशिक्षण के लिए जिले को मात्र ग्यारह सौ लाभार्थी का लक्ष्य मिला है। इसलिए पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा सकता है।