इकौना (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर गुरुवार की रात जयचंद्रपुर कटघरा गांव के निकट बाइक सवार को एसयूवी ने टक्कर मार दी। इसके पहले की इकौना पुलिस मौके पर पहुंचती उसे कई अन्य वाहनों ने भी रौंद दिया। इससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
बहराइच के थाना विशेश्वरगंज अंतर्गत ग्राम चंद्रावा निवासी विश्राम उर्फ सुरेंद्र कुमार (25) गुरुवार को किसी काम से अपने पिता रामदेव चौधरी के साथ बहराइच गया था। जहां से पिता को छोड़कर रात करीब ग्यारह बजे वह इकौना होकर वापस घर लौट रहा था।
जैसे ही सुरेंद्र बहराइच बलरामपुर बौद्ध परिपथ स्थित इकौना क्षेत्र के ग्राम जयचंद्रपुर कटघरा पहुंचा, तभी गिलौला की ओर जा रही एसयूवी ने उसे सामने से टक्कर मार दी। इससे सुरेंद्र बाइक सहित मार्ग पर ही गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहे कई वाहन उसे रौंदते हुए निकल गए। इससे उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना यूपी डायल 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी इकौना थाने में दी। प्रभारी निरीक्षक इकौना जयनरायन शुक्ल ने मृतक की जेब से मिले पते व फोन नंबर से परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे परिवारीजन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।