इकौना में मिली लाश को देखते ग्रामीण
- फोटो : SRAWASTI
इकौना (श्रावस्ती)। थाना क्षेत्र के ग्राम मदारा के मजरा रामपुर बनकट निवासी एक युवक की गुरुवार रात गला रेत कर हत्या कर दी गई। इसके बाद उसका शव बनकटा गांव के निकट नहर में फेंक दिया गया। शुक्रवार की सुबह उधर से निकले लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नहर से बाहर निकलवाया।
युवक गुरुवार की शाम इकौना में किसी से मिलने के लिए घर से निकला था। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने युवक की पहचान की। घटना स्थल से मृतक की मोटरसाइकिल व मोबाइल भी नदारद मिला। इकौना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम मदारा के मजरा रामपुर बनकट निवासी पवन कुमार राव (28) पुत्र बच्च लाल की पत्नी शीला नानपारा में एएनएम है। पवन शीला के साथ नानपारा में ही रहता था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे पवन नानपारा से वापस अपने घर रामपुर बनकट आया था। जहां कुछ देर बाद पवन के मोबाइल पर किसी का फोन आया।
इस पर पवन रात करीब 8 बजे घर से किसी से इकौना में मिलने की बात कहकर बाइक से निकला। रात 10 बजे तक पवन के घर न लौटने पर परिवारीजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो वह स्वीचऑफ बताने लगा। इस पर परिवारीजनों ने किसी अनहोनी की आशंका को लेकर रिश्तेदारों व आसपास उसकी तलाश शुरू कर दी, इसके बावजूद उसका कहीं पता नहीं लगा।
वहीं शुक्रवार सुबह राहगीरों को इकौना विशेश्वरगंज मार्ग पर बनकटा गांव के निकट सरयू नहर में एक युवक की लाश दिखी। जिसकी गर्दन रेतकर हत्या की गई थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। शव मिलने की सूचना के बाद पहुंचे परिवारीजनों ने उसकी पहचान पवन के रूप में की। घटना स्थल से मृतक की मोटर साइकिल व मोबाइल भी गायब मिला।
वहीं मौके पर बियर व शराब की पांच खाली बोतल व कागज के प्लेट पड़े मिले। मृतक के कपड़े भी फटे थे। पवन के परिवारीजनों की तहरीर पर इकौना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में इकौना थाना प्रभारी जयनरायन शुक्ल बताते हैं कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।