गांव व खेतों की खाक छान रही वनटीम
सात दिन बाद भी हिंसक भेड़िया वन टीम की पकड़ से दूर, कर चुका है पांच हमले
दहशत में स्थानीय ग्रामीण, लोगों का घर से बाहर निकलना दुभर
संवाद न्यूज एजेंसी
महसी (बहराइच)। हरदी थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची को भेड़िया मुंह में दबा कर खेतों में भाग गया था। जिसकी तलाश में मंगलवार को दिन भर वन टीम खेतों की खाक छानती रही। लेकिन न तो बालिका और न ही भेड़िए का कोई सुराग मिला। वहीं सात दिन के भीतर भेड़िए के पांच हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और ग्रामीण दिन के समय भी घर से बाहर निकलने से कतराते रहे।
महसी तहसील क्षेत्र के बंभौरी, पांडेपुरवा, मिश्रनपुरवा, नयापुरवा, बदनपुरवा, औराही, जगीर, सिसैया आदि गांवों में बीते सात दिनों से खूंखार भेड़िए का आतंक व्याप्त है। भेड़िया रविवार की रात ग्राम पंचायत बंभौरी के मजरा मिश्रनपुरवा में नाना के घर रह रही सायरा (03) को दबोच ले गया था। जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।
मंगलवार को वन टीम ने खेतों व स्थानीय गांवों के आसपास भेड़िये व बच्ची की तलाश की। लेकिन टीम खाली हाथ रही और कोई सुराग हाथ नहीं लगा। वहीं बच्ची को खोजने में उसकी मां आयशा समेत ग्रामीण भी जुट रहे। वहीं इस दौरान गांव के पास एक मांद दिखे, जिसे ग्रामीण भेड़िए की मांद बताते रहे। हालांकि मांद के आसपास भेड़िया नहीं दिखा। वहीं लगातार जारी भेड़िए के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखने को मिला। मंगलवार को दिन के समय भी गांवों के आसपास सन्नाटे की स्थिति रही। ग्रामीण दिन के समय भी घर से निकलने में कतराते रहे।
सात दिन में भेड़िये ने पांच लोगों को किया घायल
लापता सायरा समेत भेड़िया ने अब तक पांच लोगों पर हमला किया है। पहला हमला बीते बुधवार को ग्राम पंचायत औराही निवासी राहुल (6) पर किया था। गंभीर रूप से घायल राहुल को मेडिकल काॅलेज में भर्ती करवाया गया था। वही इसी दिन वरमापुरवा निवासी ननकई (14) पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार की सुबह गांव निवासी काजल (12) और शनिवार की रात जागीर गांव निवासी तबस्सुम (35) पर हमला कर उसे घायल किया था।
युद्ध स्तर पर चल रही कॉम्बिंग व तलाश
वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद साकिब ने बताया कि भेड़िए को पकड़ने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। सभी गांवों में कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही ड्रोन से निगरानी की जा रही है। बारह-बारह कर्मियों की टीम बनाई गई है, जो बभौंरी, पांडेपुरवा, मिश्रनपुरवा, नयापुरवा, बदनपुरवा, औराही, जगीर, सिसैया में भेड़िए को तलाश रही है। जल्द ही भेड़िये को पकड़ लिया जाएगा।