श्रावस्ती। डीएम ने 25 लाख व उससे ऊपर की लागत की निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा गुरुवार को की। इस दौरान पाया गया कि कई परियोजनाएं ऐसी हैं जिसका कार्य पूर्ण होने के बावजूद उसे हैंडओवर नहीं किया जा सका है। जबकि कई 90 फीसदी से अधिक परियोजनाएं ऐसी हैं, जिनको जल्द से जल्द पूरा किया जा सकता है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले में 84 सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें 13 कार्य पूर्ण हो गए हैं। शेष परियोजनाओं पर कहीं धन नहीं हैं तो कहीं अन्य समस्या के चलते काम पूर्ण नहीं हो सका है। इस पर डीएम नेहा प्रकाश ने अवशेष परियोजनाओं पर धन आवंटन कराने का निर्देश दिया है। 25 लाख से अधिक लागत के कुल 52 कार्य हैं। जिसे 12 कार्यदायी संस्था कर रही हैं। जिन्होंने अब तक 304.99 लाख रुपये व्यय करते हुए सात कार्य पूर्ण कर लिए हैं। इन पूर्ण कार्यों को यथाशीघ्र हैंडओवर करने के डीएम ने निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि मंडी व डीपीआरसी को अप्रैल माह के अंत तक हैंडओवर करा दिया जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि जो भी परियोजनाएं हैंडओवर हो गई हैं। उनका भुगतान तत्काल कराया जाए। अधिशासी अभियंता आवास विकास को जमुनहा में निर्माणाधीन राजकीय इंटर कॉलेज को प्राथमिकता के आधार पर मई तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
अधिशासी अभियंता जल निगम को जमुनहा में निर्माणाधीन कलकलवा पाइप पेयजल योजना को संचालित कराने के लिए मशीनरी स्थल तक पहुंचाने तथा मई माह में पूर्ण कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता राजकीय निर्माण निगम को निर्देश दिया कि उनके विभाग द्वारा जो भी निर्माणाधीन विकास कार्य हैं, उन्हें तत्काल पूरा किया जाए। इसके अलावा निर्माणाधीन जनपद न्यायालय, एयरपोर्ट एवं कारागार के अवशेष कार्य कराने के लिए कार्रवाई की जाए।