श्रावस्ती। किसानों से खरीदे गए अनाज का पैसा न देना पड़े। इसके लिए बिचौलिए ने भतीजे के साथ मिल कर लूट का नाटक रचा। घटना का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने बिचौलिए चाचा व उसके भतीजे को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से पुलिस ने लूट का पूरा पैसा व मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि तीन जून को कोतवाली भिनगा के ग्राम संग्रामगंज निवासी अब्दुल करीम उर्फ कल्लू पुत्र छेदन ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें उसका आरोप था कि बठिंहवा जाने वाले मार्ग पर रेहाली भट्टे के पास दो मोटरसाइकिल सवार चार लोगों ने उससे 3,45,000 रुपये व एक मोबाइल छीन लिया था। जिसका मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना का खुलासा करते हुए अब्दुल करीम व उसके भतीजे अकबर हसन पुत्र कलहे को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में वादी मुकदमा अब्दुल करीम ने बताया कि वह किसानों से खरीदा हुआ गल्ला डीसीएम में लदवाकर बेचने के लिए बहराइच गल्ला मंडी अपने भतीजे अकबर हसन के साथ मोटरसाइकिल से गया था। जहां गल्ला 3,45,000 रुपये का बिका था। गल्ला का रुपया किसानों को ना देना पड़े इसलिए उसने लूट की झूठी घटना बनाई थी। वादी के निशादेही पर पुलिस द्वारा वादी के घर से घटना मे दर्शाया गया पूरा पैसा व मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। वादी अब्दुल करीम व उसके भतीजे अकबर हसन के विरुद्ध संबंधित धारा में कार्रवाई कर जेल भेजा गया है।