श्रावस्ती। अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए एसएसबी, आबकारी व पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान आबकारी ने अवैध शराब के साथ सवा क्विंटल लहन बरामद की। जबकि एसएसबी ने नो मेंस लैंड के किनारे 154 शीशी नेपाली शराब व पुलिस ने 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की। छापे के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की गई है।
विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। वैसे-वैसे अवैध शराब कारोबारियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी के क्रम में आबकारी निरीक्षक अब्दुल कैस ने भिनगा के खालेककरा महरौली में दबिश देकर 18 लीटर कच्ची शराब के साथ 120 क्विंटल लहन बरामद की। लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इस दौरान दो लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की गई। जबकि एसएसबी 42वीं वाहिनी सी कंपनी कोदिया के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कोई व्यक्ति नो मेंस लैंड से शराब लेकर आ रहा है।
इस पर मुख्य आरक्षी शिव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पहुंची टीम को नो मेंस लैंड पिलर संख्या 643/1 के निकट एक व्यक्ति साइकिल पर प्लास्टिक की बोरी लाद कर भारत की ओर आते देखा। जवानों को देख वह पगडंडी मार्ग से कलकलवा गांव की तरफ भागने लगे। नो मेंस लैंड से 3 किलोमीटर कलकलवा गांव से पहले जवानों ने घेराबंदी करके पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मल्हीपुर थाना क्षेत्र के गंगा भागड़ निवासी चिरकू के रूप में हुई। बोरी की तलाशी में 154 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई। जिसे मल्हीपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
वहीं गिलौला थाना प्रभारी विशुदेव पांडे ने शुक्रवार रात क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर की सुचना पर जानकी नगर चौराहे के पास दो लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से पुलिस ने 20-20 लीटर कच्ची शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकौना थाना क्षेत्र के सेमगढ़ा निवासी रामखेलावन व गिलौला थाना क्षेत्र के जानकी नगर खुर्द निवासी संजय कुमार के रूप में हुई। जिनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की गई है।