श्रावस्ती। समाज कल्याण विभाग से संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय भयापुरवा इस समय प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर 15 जनवरी से ही विद्यालय की छात्राएं प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही हैं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां तक कि विद्यालय के वीडियो को समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है।
भिनगा के भयापुरवा में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय में मकर संक्रांति से ही विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एक तरफ जहां विद्यालय की छात्राओं ने राम वनवास व सीता हरण की कथा का सजीव चित्रण किया। वहीं श्रीराम के भजन को लेकर मानव शृंखला भी बनाई। इतना ही नहीं विद्यालय की छात्राओं की ओर से सुबह व शाम नियमित हनुमान चालीसा व सुंदरकांड पाठ किया जा रहा है। साथ ही छात्राएं रंगोली के माध्यम से भी प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र का गुणगान कर रही हैं।