श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार शाम को जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता सीडीओ ने की। इस दौरान उन्होंने अधूरे आंगनबाड़ी केंद्रों को तत्काल पूरा कराने व उसे सुविधा संपन्न बनाने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह द्वारा निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान पांच आंगनबाड़ी केंद्र अधूरे मिले। इस पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण पूरा कराने के साथ ही उपभोग प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण के लिए निर्धारित लक्ष्य 230 के सापेक्ष 215 आंगनबाड़ी केंद्रों का विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने शेष 15 आंगनबाड़ी केंद्रों पर विद्युतीकरण पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्युतीकृत आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की सूची जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पुन: प्रेषित करने को कहा। बाल मैत्री शौचालय के निर्माण की समीक्षा के दौरान 29 शौचालय का निर्माण किया जाना था, इसमें तीन शौचालयों के निर्माण न होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिये।
पोषण पुनर्वास केंद्र की समीक्षा में बाल विकास परियोजना अधिकारियों को साप्ताहिक रूप से पोषण पुनर्वास केन्द्र का भ्रमण करने एवं एनआरसी व्हाट्सएप ग्रुप पर फोटोग्राफ भेजने के निर्देश दिए। समीक्षा में विगत माहों में आयोजित वजन सप्ताह में चिह्नित सैम, मैम, लाल एवं पीली श्रेणी के बच्चों के प्रबंधन की समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए गए कि सैम, मैम एवं गंभीर अल्प वजन बच्चों का प्रबंधन निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सुनिश्चित कराया जाए।
जिले में 925 आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित हैं। साथ ही 182 परिषदीय विद्यालयों में पोषण वाटिका स्थापित की गई है। इस पर उन्होंने नवीन सुपोषित किये जाने के लिए प्रत्येक विकास खंडवार 05-05 गांवों को लक्षित किया। जिसमें गिलौला के मीरामऊ, दमावा, लखही खास, राजापुर खुर्द व लाल केंदुआ, इकौना के सुलेमपुर, मिश्रोलिया, इटौझा, मोहिनीपुर वराजगढ़ गुलहरिया, सिरसिया के सोहलवा, जानकी नगर, परसादेवतहा, वीरपुर बगही व चैलाही क साथ ही जमुनहा के भगवानपुर भैसाही, नदईडीह, पटपरगंज, मनवरिया बोझा व सोनपुर कला तथा हरिहरपुररानी के खुजहा, खालेककरा, रेहली, नेवादा एवं खर्च शामिल हैं। जिन्हें सुपोषित किया जाना है। जिसके लिए प्रत्येक ग्रामपंचायत वार नोडल अधिकारी नामित किये गए हैं। बैठक का संचालन डीपीआ आशा सिंह ने किया। इस दौरान डीडओ विनय कुमार तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा, बीडीओ जितेंद्र नाथ दुबे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।