सिरसिया (श्रावस्ती)। रानीपुर चौबेपुरवा निवासी एक युवक का शव रविवार रात पड़ोसी के मड़हे में रस्सी के फंदे के सहारे लटकता मिला। सूचना पर पहुंची राजपुर चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के राजपुर चौकी अंतर्गत ग्राम रानीपुर चौवेपुरवा निवासी शिवकुमार (28) पुत्र रामशरण रविवार रात में खाना खाकर सोने गया था। इसके बाद से वह अपने बिस्तर से नदारद था। देर रात जब परिवारीजनों ने देखा कि वह बिस्तर पर नहीं है। तो उनके द्वारा शिवकुमार की तलाश शुरू कर दी गई। इसी बीच किसी काम से अपने मड़हे में गए पड़ोसी सियाराम ने देखा कि शिवकुमार की लाश उसके मड़हे में रस्सी के फंदे से लटक रही थी। जिसकी सूचना सियाराम ने रामशरण सहित परिवार के अन्य सदस्यों को दी।
मृतक के पिता रामशरण ने घटना की जानकारी राजपुर चौकी प्रभारी राम प्रवेश यादव को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने परिवारीजनों के सहयोग से शव को फंदे से नीचे उतरवाया। जिसका पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया गया है। इस बारे में चौकी प्रभारी बताते हैं कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)