जमुनहा के भवनियापुर स्थित तालाब पर हो रहा कब्जा
- फोटो : SRAWASTI
जमुनहा (श्रावस्ती)। मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक भूमि व तालाबों से कब्जा हटाने का सख्त निर्देश दिया गया है। जिसका जमुनहा क्षेत्र में अनुपालन नहीं हो पा रहा है। दबंग तालाब पाट कर उस पर निर्माण कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। जिससे मवेशियों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम जमुनहा भवनियापुर में दबंग द्वारा तालाब पर कब्जा कर लिया गया था। मामले में स्थानीय अधिकारी व कर्मचारी कार्रवाई करने से कन्नी काट रहे हैं। जमुनहा भवनियापुर के मजरा जमुनहा बाजार में पश्चिम में स्थित तालाब की जमीन अवैध कब्जे से अछूती नही है। कुछ तो पहले ही अवैध कब्जे के चलते बर्बाद हो गई तो बचे हुए तालाबों पर अभी भी दबंगों की नजर है। जिस पर पहले तो कूड़ा करकट फेंककर उसको बराबर किया जाता है। उसके बाद उस पर माटी डाल कर झोपड़ी बनाकर कब्जा किया जा रहा है। जिसके कारण तालाबों में जाने वाला नाली का पानी गली मोहल्लों व मार्ग पर फैला रहता है। जिससे यहां जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो रही है।
इसकी शिकायत के बावजूद तहसील प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसके चलते मवेशियों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी जमुनहा सौरभ शुक्ला से हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने व तालाब की भूमि से कब्जा हटाने तथा तालाब का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है।