श्रावस्ती। बड़का धर्मंतापुर गांव निवासिनी एक किशोरी विगत दो सप्ताह से संदिग्ध हालात में लापता थी। मामले में चौकीदार द्वारा सिरसिया पुलिस को सूचना दी गई थी। सूचना के बाद एसडीएम के नेतृत्व में गांव पहुंची पुलिस ने बीते दिन शव को उसी के आंगन से खुदवा कर बाहर निकाला गया। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को किशोरी के भाई को गिरफ्तार किया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के पंडित पुरवा के मजरा बड़का धर्मंतापुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया। जब अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एसडीएम आशुतोष के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सिरसिया, जोखवा चौकी प्रभारी योगेंद्र नाथ पुलिस व फॉरेंसिक टीम के साथ गांव पहुंचे। जहां एसडीएम ने रमेश के घर के पीछे आंगन में खुदाई करने का निर्देश दिया। करीब सात फुट की खुदाई के बाद वहां से मन्नी देवी (17) पुत्री उदय बहादुर के शव को बाहर निकाला गया। इस मामले में सिरसिया पुलिस ने किशोरी के भाई रमेश के लिखफ मामला दर्ज कर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की पुष्टि करते हुए एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने बताया कि किशोरी मोबाइल पर किसी से बात करती रहती थी। इस बात को लेकर उसका भाई से झगड़ा हुआ था। जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली थी। जिसे भाई ने घर में गड्ढा खोद कर गाड़ दिया था। इसी मामले में भाई रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।