अगस्त में हुए सर्वे में भिनगा पुलिस रही अव्वल तो इकौना पुलिस को नौवां स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। भिनगा पुलिस की कार्य प्रणाली से अगस्त में जनता पूरी तरह से संतुष्ट रही जबकि इकौना पुलिस का बर्ताव लोगों को पसंद नहीं आया। आईजी गोरखपुर जोन द्वारा कराए गए सर्वे में इकौना को सबसे नीचे जिले में नौंवा स्थान मिला। यह सर्वे आईजीआरएस, एफआईआर, ट्विटर, डायरेक्ट पोल माध्यम से सभी थानों की वोटिंग करा कर तैयार किया गया था।
जिले में पुलिस का व्यवहार आम जनता के लिए कैसा है, इसके लिए प्रतिमाह आईजी जोन गोरखपुर द्वारा पांच बिंदुओं को लेकर ऑनलाइन सर्वे कराया जाता है। अगस्त माह में हुए सर्वे का रिजल्ट रविवार को जारी किया गया है। इसमें कोतवाली भिनगा का कार्य व्यवहार जिले में स्थित नौ थानों में सबसे बेहतर पाया गया। 11 सितंबर से 17 सितंबर के मध्य हुए इस सर्वे में जनसुनवाई आईजीआरएस, ट्विटर पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, एफआईआर पंजीकरण व पासपोर्ट,चरित्र सत्यापन के मामले में भिनगा पुलिस को अिाम जनता ने 80.42 प्रतिशत अपना मत दिया।
गिलौला 78.64 प्रतिशत रेटिंग पाकर दूसरे, हरदत्त नगर गिरंट 74.43 प्रतिशत रेटिंग पाकर तीसरे, मल्हीपुर 73.64 प्रतिशत रेटिंग के साथ चौथे, सोनवा 73.49 प्रतिशत पाकर पांचवें, एनएमपीटी थाना 73.13 प्रतिशत रेटिंग पाकर छठे, सिरसिया 72.33 प्रतिशत रेटिंग पाकर सातवें स्थान,महिला थाना 69.24 प्रतिशत पाकर आठवें व इकौना 66.96 प्रतिशत रेटिंग पाकर नौवें स्थान पर रही।
केवल आईजीआरएस व एफआईआर के मामले में लिए गए फीडबैक में गिलौला 71.97 प्रतिशत रेटिंग पाकर प्रथम व सिरसिया 67.86 प्रतिशत रेटिंग पाकर दूसरे स्थान पर रहा। इस सर्वे के लिए आईजीआरएस के माध्यम से 209, ट्विटर पोल के माध्यम से 1656 एवं डायरेक्ट पोल के माध्यम से 6602, एफआईआर व एनसीआर के माध्यम से 86, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन के माध्यम से 434 लोगों से संपर्क कर आंकडे़ एकत्र हुए थे। इस संबंध में एसपी प्राची सिंह का कहना है कि सभी थानों में शिकायत निस्तारण व जनसुनवाई की नियमित निगरानी का आदेश है। इसलिए जिले का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।