इकौना (श्रावस्ती)। थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ मधुर व्यवहार करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना जाए। महिला व किशोर-किशोरियों से संबंधित मामलों की थाना चौकी व बीट प्रभारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें।
ये बातें इकौना थाने के निरीक्षण के दौरान मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने कहीं। इस दौरान उनके द्वारा थान परिसर, कार्यालय, माल खाना, माल मुकदमाती, भोजनालय, बैरक व आवास आदि का निरीक्षण किया गया। इसके बाद उन्होंने विवेचकों के साथ बैठक कर लंबित अपराध की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के निस्तारण करने के साथ-साथ वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा लंबित प्रार्थना पत्रों का समय से निस्तारण करने के लिए थाना प्रभारी सहित सभी विवेचकों को निर्देशित किया।
उन्होंने इसके बाद थाना पर स्थापित महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कर्मचारियों को आगंतुक महिलाओं की शिकायत व समस्या को सरलता पूर्वक सुनने तथा शीघ्र निस्तारण के लिए थाना प्रभारी सहित संबंधितों को अवगत कराने का निर्देश दिया। इस दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य मौजूद रहे।