श्रावस्ती। जल दिवस पर जल संचय कार्यक्रम के अंतर्गत जलशक्ति अभियान कैच द रेन का शुभारंभ मंगलवार को किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली के विज्ञान भवन से किया। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने इसके लिए लोगों को शपथ दिलाई।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम नेहा प्रकाश की अध्यक्षता में जन जागरूकता के उद्देश्य से जल शक्ति अभियान कैच द रेन का आयोजन किया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति के जल शक्ति अभियान कैच द रेन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एवं लघु फिल्म दिखाई गई। कार्यक्रम के तहत डीएम ने अधिकारी व कर्मचारी को कैच द रेन की शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि जल संकट देश ही नही बल्कि पूरे विश्व की गंभीर समस्या है। दुनिया के विशेषज्ञों की राय है कि वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा देकर गिरते भू जल स्तर को रोका जा सकता है। वर्षा जल संचयन प्रणाली एक अत्यंत सरल तकनीक है। जिसे अपनाने से हमारी दैनिक जीवन की पानी की कमी को आसानी से पूरा किया जा सकता है। इस प्रणाली का प्रयोग घरेलू तथा व्यावसायिक दोनों ही प्रकार के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए किया जा सकता है।
वर्षा जल के संचयन की यह पद्धति अत्यधिक कारगर साबित होती है। इसका ठीक से प्रयोग किया जाए तो यह उस क्षेत्र के भूमिगत जल के स्तर को बढ़ाने में काफी मददगार साबित हो सकती है। उन्होंने निर्देश दिया कि जल संरक्षण के लिए अपने ग्राम को जल संसाधन में आत्मनिर्भर बनाना, पौधरोपण करना, जल संचयन, जल संरक्षण संबंधी प्रयास से लोगों को जागरूक करें। जिससे आने वाली पीढ़ी को मानकों के अनुसार जल प्राप्त हो सके।
इस मौके पर एडीएम कमलेश चन्द्र, ज्वाइन्ट मजिस्ट्रेट परीक्षित खटाना, एसडीएम आशुतोष, डीडीओ विनय कुमार तिवारी, डीपीआरओ आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव, सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार, प्रसाशनिक अधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।