श्रावस्ती। कड़ी सुरक्षा में गुरुवार को होने वाली मतगणना ड्यूटी में लगे मतगणना कर्मचारियों का दूसरा प्रशिक्षण बुधवार को विकास भवन सभागार में संपन्न हुआ। इस दौरान मौजूद प्रभारी अधिकारी कार्मिक व मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि डाक मतपत्रों की गिनती पूरी हो जाने के बाद ही ईवीएम में बंद वोटों की गणना शुरू होगी। मतों की गणना शुरू होने से पूर्व संबंधित रिटर्निंग आफीसर द्वारा मतगणना हाल में मौजूद सभी लोगों को मत की गोपनीयता बनाए रखने के लिए लोक प्रतिनिधत्व अधिनियम 1951 की धारा-128 के प्रावधानों को पढ़कर सुनाया जाएगा।
डाक मतपत्रों की गणना शुरू होने के 30 मिनट के बाद ईवीएम में बंद मतों की गणना शुरू हो सकेगी। स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम की कंट्रोल यूनिट को ही मतगणना हाल में लाकर गणना टेबल पर रखा जाएगा। मतगणना के प्रथम दौर में मतदेय स्थल संख्या 1 पर प्रयुक्त की गई कंट्रोल यूनिट टेबिल संख्या 1 पर तथा मतदेय स्थल संख्या 2 की कंट्रोल यूनिट टेबिल संख्या 2 पर और इसी क्रम में चक्रवार 14 टेबल पर कंट्रोल यूनिट गणना को उपलब्ध करायी जाएगी।
एक चक्र पूरा होने पर अगले चक्र के लिए पोलिंग स्टेशन 15 से 28 तक की कंट्रोल यूनिट उपलब्ध करायी जाएगी और यह क्रम मतगणना समाप्ति तक बना रहेगा।
प्रभारी अधिकारी ने बताया कि सर्वप्रथम गणना टीम मतदान में प्रयुक्त कंट्रोल यूनिट के सीलों की जांच कर इसे गणना स्थल पर मौजूद सभी मतगणना एजेंटों को दिखा कर संतुष्ट किया जाएगा। इसके बाद रिजल्ट सेक्शन को खोल कर सीलिंग में लगी संशोधित ग्रीन पेपर सील के हरे भाग के नीचे के रिजल्ट बटन को दबाया जाएगा। गणना खत्म हो जाने पर प्रत्येक विधान सभा में 5-5 वीवीपैट की पर्चियों की भी रैंडम आधार पर गणना होगी। इस दौरान आरओ भिनगा व एसडीएम प्रवेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी समेत अन्य अधिकारी व मतगणना कर्मी मौजूद रहे।