श्रावस्ती। विधानसभा चुनाव में मतदान को एक पखवाड़ा ही शेष है। ऐसे में इतने कम समय में प्रत्याशी कैसे प्रत्येक मतदाता तक पहुंचें इसे लेकर उनमें उहापोह की स्थिति है। प्रत्याशी व उनके समर्थक शर्तों के साथ ही आउट डोर व इनडोर मीटिंग या रैलियां कर सकेंगे।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा प्रकाश ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कोविड के घटते मामलों को देखते हुए नया निर्देश जारी किया गया है। इसके तहत रोड शो, पद यात्रा, साइकिल, मोटर साइकिल, वाहन रैली तथा जुलूस पूर्ववत प्रतिबंधित रहेंगे। डोर-टू-डोर प्रचार के तहत 20 व्यक्तियों की संख्या भी पूर्ववत बनी रहेगी। रात 8.00 बजे से सुबह 8.00 बजे तक प्रचार अभियान के संबंध में प्रतिबंध पूर्ववत जारी रहेंगे।
आउटडोर, इंडोर बैठक व रैलियों के संबंध में शर्त के साथ छूट दी जायेगी। जिला प्रशासन द्वारा मैदानों का आवंटन समान रूप से ई-सुविधा पोर्टल पर पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जायेगा। मैदानों में प्रवेश व निकास के एक से अधिक रास्ते होने चाहिए। सभी प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त सैनिटाइजर व थर्मल स्क्रीनिंग की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। यहां कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन होना चाहिए।