श्रावस्ती। भिनगा से टेंट का सामान लेकर जमुनहा ब्लॉक जा रही पिकप के चालक को नींद आ गई। इस कारण वाहन सर्रा गांव के निकट बने डिप में पलट गई। हादसे में पिकप सवार पांच लोग घायल हो गए जिन्हें मल्हीपुर पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां एक की हालत गंभीर होने के कारण भिनगा रेफर किया गया है।
जमुनहा ब्लॉक परिसर में 14 दिसंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन होना है जिसके लिए भिनगा नगर के पुरानी बाजार व्यास भवन निवासी रामरूप गुप्ता का टेंट बुक कराया गया था जिसे पिकप यूपी 46 टी 1040 पर लाद कर व्यास भवन निवासी संजय पांडे पुत्र राजेंद्र प्रसाद शनिवार शाम जमुनहा ब्लॉक जा रहा था। जैसे ही संजय पिकप लेकर भिनगा-जमुनहा मार्ग स्थित सर्रा पहुंचा तभी अचानक उसे नींद आ गई। इससे पिकप मार्ग पर बने डिप के पास अनियंत्रित हो पलट गई जिससे पिकप पर सवार भिनगा कोतवाली क्षेत्र के भभरापुर निवासी भूरे प्रसाद (30) पुत्र बालकृष्ण, विजय (55) पुत्र बुधई, चकवा निवासी मुस्तफा (48) पुत्र मोहम्मद अली, शिवम (35), पंकज (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर हर्षवर्धन सिंह ने एंबुलेंस हेल्पलाइन को सूचना दी, लेकिन समय से एंबुलेंस न पहुंचने पर पुलिस ने अपने वाहन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मल्हीपुर पहुंचाया, जहां पंकज की हालत गंभीर होने के कारण उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया। वहीं, घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।