श्रावस्ती। जिला पंचायत सभागार में रविवार को बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ने की। इसमें विगत बैठक की कार्रवाई की पुष्टि के साथ ही वर्ष 2022-23 में कराए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही जिले में मौजूद जिला पंचायत की सड़क को गड्ढा मुक्त बनाने की संस्तुति की गई।
जिला पंचायत सभागार में रविवार को अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। प्रदेश सरकार जन-जन के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है इसलिए सभी जिला पंचायत सदस्यों का दायित्व है कि सरकार द्वारा दी जाने वाली सभी सुविधाएं जिलेवासियों को मुहैया कराएं। उन्होंने सभी जिला पंचायत सदस्यों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में पुलिया निर्माण, नाला निर्माण, खड़ंजा, सीसी रोड एवं पक्की रोड बनाने के लिए प्रस्ताव दें जिससे उन कार्यों का परीक्षण कराकर कार्य कराया जा सके।
इस दौरान पंचम राज्य वित्त आयोग एवं पंद्रहवें वित्त आयोग 2020-21 की अवशेष एवं वर्ष 2021-22 की आवंटित धनराशि (टाइड/अंटाइड फंड) के सापेक्ष कार्ययोजना का अनुमोद व चतुर्थ राज्य वित्त आयोग योजनांतर्गत उपलब्ध धनराशि के सापेक्ष शासन के निर्देशानुसार जिला पंचायत के गड्ढा युक्त मार्गों को गड्ढा मुक्त करने का प्रस्ताव हुआ। साथ ही तैयार कार्य योजना का कार्योत्तर अनुमोदन, पुनरीक्षित आय-व्यय के अनुमोदन पर विचार, मूल आय-व्यय का अनुमोदन जिला पंचायत द्वारा सम्पत्ति एवं विभव कर की कर सूची का अनुमोदन, जिला पंचायत की भू-संपत्तियों के उपयोग पर चर्चा हुई। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित मॉडल बाइलॉज के अनुसार लाइसेंस शुल्क के संशोधन पर विचार, कार्यालय के क्षमता संवर्धन के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे कंप्यूटर प्रिंटर, फर्नीचर, स्टेशनरी सामग्री आदि को जेम पोर्टल से क्रय करने की स्वीकृति दी गई।
साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 बैच-2 के अंतर्गत प्राप्त कार्ययोजना का अनुमोदन हुआ।। बैठक से पूर्व वार्ड नंबर आठ के जिला पंचायत सदस्य रहे असलम खां के निधान पर दो मिनट का मौन रख उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी सुभाष चंद्र भारतीय ने किया। इस मौके पर भिनगा विधायक असलम राईनी, रणवीर सिंह, सीएमओ डॉ. एपी भार्गव, जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभुराम चौहान, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नरेंद्र कुशवाहा, सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।