तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सोनवा क्षेत्र में शुक्रवार शाम दो मोटर साइकिलों की भिड़ंत में एक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, एक अन्य घटना में मोटर साइकिल की टक्कर में तालबघौड़ा के पास एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के मनका चौक निवासी संतराम (45) शुक्रवार को मोटर साइकिल से अपनी रिश्तेदारी में बहराइच के रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम अचरौरा जा रहा था। जैसे ही वह मोटर साइकिल लेकर सोनवा थाना क्षेत्र के दिकौली मोड़ तुलसीपुर मार्ग स्थित सत्यनारायण उच्च शिक्षा संस्थान के पास पहुंचा तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटर साइकिल से उनकी भिड़ंत हो गई। इसमें संतराम को गंभीर चोट आई। वहीं, संतराम को गंभीर हालत में देख दूसरा मोटर साइकिल सवार मौके पर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने घायल संतराम को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, इंडो-नेपाल सीमा के पास ताल बाघौड़ा चौराहे के पास गुलरा परसोहना की तरफ से आ रहे आनंद राणा पुत्र गरभु व मायाराम पुत्र कोयरे निवासी मोतीपुर कला थाना सिरसिया ने मोटर साइकिल से पानी पूड़ी खा रहे एक बालक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मोटर साइकिल सवार युवक उसे इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।