श्रावस्ती। सरयू राष्ट्रीय परियोजना का लोकार्पण करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिसंबर को बलरामपुर के हसुवाडीह आ रहे हैं। इस कार्यक्रम की तैयारियां परखने को जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को राप्ती बैराज का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आमंत्रित सभी लाभार्थियों को सुबह दस बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने इस परियोजना को आजाद भारत की सबसे बड़ी परियोजना बताया।
सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का प्रमुख हिस्सा राप्ती नहर श्रावस्ती के राप्ती बैराज से निकलती है। प्रधानमंत्री बलरामपुर में इस परियोजना को राष्ट्र के नाम समर्पित करने के लिए जब बटन दबाएंगे तो उसी समय राप्ती बैराज का पानी नहर में छोड़ा जाएगा। राप्ती बैराज पर इसके लिए की गई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए मंगलवार जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने पानी छोड़ने के तौर तरीकों से लेकर पानी की गति, टैंक में भरे पानी की माप सहित लाइव टेलीकास्ट से जुड़ी जानकारियां भी प्राप्त की। निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में पहुंचे जलशक्ति मंत्री ने मौजूद अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिले में विशेष स्वच्छता अभियान सभी नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायतों में चलाया जाए। कार्यक्रम स्थल पर लाभर्थियों को पहुंचाने व वापस घर तक छोड़ने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अधिकारियों की तैनाती भी की जाए। सभी लाभार्थियों को प्रात: 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर आवश्य पहुंचाना सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने बताया कि यह देश की पहली ऐसी परियोजना है जिसमें पांच नदियां आपस में लिंक चैनल व नहरों से जुड़ेगी। इससे श्रावसती से लेकर गोरखपुर तक होने वाली बाढ़ आपदा से छुटकारा मिलेगा। इस मौके पर डीएम नेहा प्रकाश, सीडीओ ईशान प्रताप सिंह, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।