श्रावस्ती। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवा में नवनिर्मित आक्सीजन प्लांट ने बुधवार से कार्य करना शुरू कर दिया। इसका शुभारंभ सीडीओ की मौजूदगी में श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने किया। इसके प्रारंभ होने के बाद अब आक्सीजन के लिए मरीजों को गैर जिलों तक की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
इस मौके पर विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवा को 100 बेड की क्षमता वाला कोविड-19 एल-2 अस्पताल के रूप में तैयार किया गया है। यहां पर भर्ती मरीजों को आक्सीजन गैस की कोई दिक्कत न होने पाए , इसके लिए विधायक निधि से इस आक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया गया है। यह आक्सीजन प्लांट इस क्षेत्र के मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। मुख्य विकास अधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहाकि इस आक्सीजन प्लांट के संचालित होने से आस-पास के लोगों को अब इलाज के लिए भटकना नही पड़ेगा। उन्हें सीएचसी पर इलाज संबंधी सभी सुविधाएं मुहैया हो जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एपी भार्गव ने कहा कि यह नवीन अस्पताल 100 बेड क्षमता का बनाया गया है। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।