जमुनहा (श्रावस्ती)। उर्वरक की तस्करी कर नेपाल ले जाने से मना करने पर एक व्यक्ति ने साथियों के साथ मंगलवार को एसएसबी जवान पर हमला कर दिया। इसके बाद उसके समर्थन में आए ग्रामीणों ने एसएसबी बीओपी को घेर लिया।
वहीं सूचना पर पहुंचे उप कमांडेंट ने पास स्थित बीओपी के जवानों को मौके पर बुलाकर ग्रामीणों को वहां से हटा दिया। मामले में एसएसबी बीओपी हकीमपुरवा के प्रभारी ने मल्हीपुर थाने में एक नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
एसएसबी बीओपी हकीमपुरवा के प्रभारी निरीक्षक विनीत ने मल्हीपुर थाने में दी तहरीर में कहा है कि बीओपी के गेट पर मंगलवार को भरथा रोशनगढ़ निवासी दिलसाद अपने तीन साथियों के साथ पहुंचा। इस दौरान उसने जिले से नेपाल में उर्वरक ले जाने की बात कही।
इस पर बीओपी पर तैनात सिपाही नरेंद्र ने उन लोगों को मना किया। इसके बाद भी तीनों जबरन उर्वरक नेपाल ले जाने लगे। इस पर एसएसबी जवान ने उन्हें रोकते हुए वापस जाने को कहा। इस पर भड़के दिलसाद व उसके साथियों ने जवान पर हमला कर दिया।
इससे उसे चोट आई। वहीं इसके बाद दिलसाद के समर्थन में पहुंचे ग्रामीणों ने कैंप का घेराव करा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर पहुंचे उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार ने पास की सुइया, भरथा व तुरसमा बीओपी से जवानों को बुलाकर भीड़ को वहां से हटवाया। इस मामले में एसएसबी ने पुलिस से जांच व कार्रवाई की मांग की है।