श्रावस्ती। भिनगा जूनियर हाईस्कूल मैदान में सोमवार को शैक्षिक प्रदर्शनी व शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
प्रदर्शनी में पांचों ब्लॉक के शिक्षकों ने नवाचार से संबंधित बिना लागत के बनाए गए अपने मॉडल को प्रस्तुत किया। इस दौरान दस शिक्षकों को सर्वोत्तम माडल का पुरस्कार दिया गया।
बेसिक शिक्षा के स्कूलों में सहायक खेल सामग्री के माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। यहां तक कि बच्चे खेल खेल में कैसे पढ़े। इसके लिए नवाचार का विकास भी किया जा रहा है।
इसके लिए अरविंदो सोसाइटी जिले में बेसिक शिक्षा विभाग का सहयोग कर रही है। जूनियर हाईस्कूल मैदान में लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण डीएम दीपक मीणा ने किया।
दस सर्वोत्तम कार्य करने वाले अध्यापकों को उनके विशेष कार्य के लिए पुरस्कृत किया गया है। जिसमें सिरसिया के प्राथमिक विद्यालय कोयलहवा की अध्यापिका अमीषा पटेल एवं गरिमा सिंह, इकौना के प्राथमिक विद्यालय नत्थापुरवा से मिथलेश मिश्रा, रिचा कसौधन, तृप्ति बाजपेई, हरिहरपुर रानी से प्राथमिक विद्यालय टंडवा बनकटवा से नौशीन जहां, गिलौला से अजीत शुक्ला, ज्योति सिंह एवं आरिफा खातून को इनोवेटिव पाठशाला के तहत बेहतर कक्षा शिक्षण के निमित्त प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।