श्रावस्ती। श्रावस्ती से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का सपना बहुत जल्द पूरा होने वाला है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए 8.73 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। जल्द ही किसानों को 9.23 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
पिछले दिनों लखनऊ तक उड़ान शुरू की गई थी, जो किन्हीं कारणों से बाद में बंद कर दी गई। जिले के ज्यादातर लोग श्रावस्ती से अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय विमान सेवा की मांग करने लगे, इस पर शासन की ओर से श्रावस्ती एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विमान सेवा माकूल ढंग से शुरू की जा सके।
इसके लिए जरूरी 226.755 हेक्टेयर जमीन के एवज में जिला प्रशासन की ओर से 218.225 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पूर्व में ही कर लिया गया था। शेष 8.733 एकड़ जमीन का अधिग्रहण 26 सितंबर को जिला प्रशासन ने कर लिया है, इससे एयरपोर्ट विस्तार की राह आसान हो गई है।
जिला प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायत खरगूपुर, कटरा व बिदुहनी निवासी 124 किसानों से भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इन सभी को एक सप्ताह के भीतर मुआवजे के रूप में 9.23 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही तराई में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का काम पूरा होने व यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की उम्मीद को गति मिल गई है। इससे विकास के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
एयरपोर्ट विस्तार के लिए तीन गांवों के 124 किसानों की भूमि अधिग्रहीत की गई है। सभी को एक सप्ताह के भीतर मुआवजा दे दिया जाएगा।
-अजय कुमार द्विवेदी, डीएम