दीवार पर चस्पा धमकी भरा पत्र। - संवाद
गिरंट बाजार (श्रावस्ती)। ड्रोन की दहशत कम होने के बाद अब तराई में चोरी के चेतावनी पत्रों की दहशत फैल रही है। मल्हीपुर, कोतवाली भिनगा क्षेत्र में चोरी के चेतावनी पत्र मिलने के बाद अब हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र में चेतावनी पत्र मिला है। ग्रामीण रतजगा के साथ-साथ पूरी रात गांव में पहरा देने को मजबूर हैं।
हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरनिया के मजरा मुर्तिया कोरियनपुरवा में बृहस्पतिवार की शाम गांव निवासी गुड्डे खान के घर के पीछे चोरी का चेतावनी पत्र चस्पा मिला। इसमें रात में 12 बजे चोरी करने की चेतावनी दी गई और विरोध करने पर घर की महिलाओं से अभद्रता की धमकी लिखी थी।
गुड्डू ने बताया कि उन्होंने असीम खान के साथ जब पत्र चस्पा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आकर चस्पा पत्र फाड़ दिया। थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय ने बताया कि जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शराबियों द्वारा ऐसी हरकत करना प्रतीत हो रहा है।