श्रावस्ती। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 160 स्वयं सहायता समूहों को स्टार्टअप व रिवाल्विंग फंड के रूप में 63 लाख 400 रुपये का चेक दिया गया। इसके लिए बुधवार को विकास भवन में आयोजित कैंप में यह चेक सीडीओ ने दिया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए पहले ही स्वयं सहायता समूहों का गठन करके उन्हें प्रशिक्षित किया जा चुका था। प्रशिक्षण के बाद इन स्वयं सहायता समूहों को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए रिवाल्विंग फंड, स्टार्टअप कास्ट व सीआईएफ कास्ट के रूप में 63 लाख 400 रुपये दिए गए। इसके लिए विकास भवन सभागर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें सीडीओ अवनीश राय, उपायुक्त स्वत: रोजगार मौजूद रहे। इस दौरान सभी विकास खंडों में गठित 160 समूहों को यह राशि दी गई। कार्यक्रम में सीडीओ ने बताया कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मिशन के अंतर्गत समूह गठित करके यह धन दिया जाता है। इसके तहत 56 समूहों को स्टार्टअप फंड, 55 समूहों को रिवाल्विंग फंड व 49 समूहों को सामुदायिक लागत फंड दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।