श्रावस्ती। अकबरपुर रजबहा पर बुधवार की शाम कुछ लोगों को एक युवक का शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने लाश का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर स्थित रजबहा के निकट बुधवार की शाम कुछ ग्रामीण घूमने के लिए गए थे। जहां रजबहा में उन्हें एक युवक की लाश उतराती दिखी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लाश को नहर से बाहर निकलवाया। देखने से लाश दो से तीन दिन पुरानी प्रतीत हो रही थी।
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसके बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। पुलिस ने पंचनामा भराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में थाना प्रभारी इकौना राम कृपाल शुक्ला ने बताया कि अभी तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र 40 वर्ष के आसपास प्रतीत होती है। युवक ने काली बनियाइन व पैंट पहन रखी है।