श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी डी कंपनी सीमा चौकी ककरदरी की ओर से गांव में ब्रहस्पतिवार को मानव चिकित्सा कैंप का आयोजन किया गया। सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. कल्पना महादेव पाटिल ने 26 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं दीं।
सर्दी के मौसम में होने वाली बीमारियों जैसे सर्दी जुकाम, खांसी, मलेरिया, डेंगू, बुखार आदि से बचने के उपाय भी बताए। सहायक कमांडेंट रोहित मगदूम जयंत, उप निरीक्षक ठाकराराम, सहायक उप निरीक्षक (फार्मासिस्ट) जावेद व आरक्षी सिमरन कौर सहित अन्य जवान व ग्रामीण मौजूद रहे।
न कनेक्शन न बकाया, फिर भी मांग रहे बिजली बिल
गिलौला (श्रावस्ती)। बिजली विभाग की ओर से भुगतान के बाद भी उपभोक्ताओं को बकाया बिल भेजा जा रहा है। कुछ बिना कनेक्शन वाले लोगों को भी कनेक्शन होना दर्शा कर बिल भेजा जा रहा है। कुछ का कनेक्शन कटने के बाद भी बकाया दिखाकर उनकी आरसी जारी की जा रही है। इसका खुलासा गुरुवार उपभोक्ताओं की शिकायत पर हुआ।
गिलौला के ग्राम मठा निवासी फौजदार ने गुरुवार को विद्युत उपकेंद्र गिलौला में एक शिकायत पत्र सौंपा है। आरोप है कि उसने अपनी बहू खुशबू के नाम से विद्युत कनेक्शन लिया था। मीटर रीडिंग के अनुसार वह हर माह बिल जमा कर रहा है। इसके बावजूद उस पर 58845 रुपये बकाया बताया जा रहा है। ओटीएस कराकर पैसा जमा करने पर 1857 छुट काट कर 56988 रुपये जमा करने को कहा जा रहा है। यही हाल मनसुखा के मजरा हडि़ल्ला निवासी अज्ञाराम का भी है। जिसका आरोप है कि उसने वर्ष 2015 में पूरा बिजली बकाया जमा कर कनेक्सन कटवा दिया था।
जिसके नाम 46210 रुपये बाकी दिखाते हुए आरसी काट दी गई है। वहीं गुटुहुरु निवासी दिनेश कुमार का आरोप है कि वह बिजली बिल का बराबर भुगतान कर रहा है। जिसके नाम से बिजली निगम की ओर से दूसरा कनेक्शन चालू कर दिया गया। अब पीड़ित पर बकाया भुगतान का दबाव बनाया जा रहा है। एसडीओ संजीव कुमार का कहना है शिकायत मिली है। जांच कराई जा रही है।