युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री का स्वागत करते भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य आज युवाओं में ऊर्जा का संचार करेंगे। युवा कार्यकर्ता सम्मेलन में वह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान करेंगे। भाजपा कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को सम्मेलन की तैयारियां पूरी करने में जुटे रहे।
शामली के वीवी इंटर कॉलेज में युवा कार्यकर्ता सम्मेलन रखा गया है। शुक्रवार को सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि रहेंगे, जो भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आह्वान करेंगे। ताकि यूपी के विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ा जा सके। वहीं, बृहस्पतिवार को भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री सोमेंद्र तोमर ने शामली में पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। भाजयुमो प्रदेश मंत्री मोहित बेनीवाल, जिलाध्यक्ष पवन तरार, हरवीर मलिक आदि से जानकारी ली।
साथ ही उन्होंने बूथवार पदाधिकारियों को कार्यकर्ता सम्मेलन में दस दस युवाओं को लाने के टारगेट के संबंध में भी जानकारी ली। उधर, बुढ़ाना रोड स्थित आनंद भवन विश्वकर्मा मंदिर में भाजपाइयों की मीटिंग हुई। उसमें विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान नगर अध्यक्ष डाक्टर विपिन कौशिक, सुनील अरोरा टम्मी, पंकज कश्यप, अमित विश्वकर्मा, संदीप नामदेव आदि मौजूद रहे।