हसनपुर लुहारी-इंदरगढ़ मार्ग पर जंगल में लूटपाट के विरोध में युवक की गोली मारकर हत्या करने के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। मंगलवार अलसुबह युवक का शव इंदरगढ़ गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। थानाभवन और चरथावल पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पीड़ित परिजनों को आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद ही करीब सात घंटे बाद युवक के शव का अंतिम संस्कार हुआ।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव इंदरगढ़ माजरा निवासी दीपक (24) सोमवार दुपहर अपने पिता रामकुमार के साथ थानाभवन के हसनपुर लुहारी के भारतीय स्टेट बैंक से 60 हजार रुपये निकाल कर बाइक से गांव आ रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने नकदी लूटने का केविरोध करने पर दीपक को गोली मार दी थी। सोमवार देर रात में उपचार के दौरान नाजुक हालत में दीपक ने दम तोड़ दिया था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पीड़ित परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार करने इनकार किया, तो दोनों जनपदों की पुलिस में हड़कंप मच गया। थानाभवन प्रभारी संदीप बलियान और चरथावल प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने भारी फोर्स के साथ गांव में डेरा डाल दिया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तार करने और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इंस्पेक्टर थानाभवन से 72 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा मिलने पर गुस्साए लोग करीब सात घंटे बाद करीब दोपहर 12 बजे शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमत हुए। चरथावल प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि चरथावल पुलिस की दो टीम भी खुलासे में लगी है। सीसीटीवी फुटेज के बाद सामने आए आरोपियों के चेहरों के बाद सोशल मीडिया और पुलिस के जरिए कई गांवों में छानबीन की जा रही है। उधर, बसपा नेता सतपाल गौतम, डॉक्टर गुलबीर सिंह आदेश कुमार आदि ने भी गांव में पहुचंकर शोक संवेदना जताई।
बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराएंगे : बालियान
सांसद डॉ संजीव बालियान ने इंदरगढ़ गांव में जाकर दीपक की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक के पिता रामकुमार से घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा, मनीष गर्ग, जिला पंचायत सदस्य अजित सिंह, मछन्दर सिंह पुंडीर आदि मौजूद रहे।
लाल शर्ट पहने संदिग्धों की तलाश
थानाक्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी के जंगल में लूटपाट के बाद युवक दीपक की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि एक बदमाश लाल रंग की शर्ट पहने था। पुलिस ने लाल शर्ट या टी शर्ट पहने संदिग्धों पर नजर गड़ा दी है।
गांव हसनपुर लुहारी जंगल में सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने बैंक से 60 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे रामकुमार और उनके पुत्र दीपक को रोक लिया था। बदमाशों ने पिता-पुत्र से मारपीट करते हुए बैंक से निकाली गई रकम 60 हजार रुपये लूट लिए थे। लूट का विरोध करने पर दीपक को गोली मार दी थी। सोमवार को देर रात दीपक की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक कर दी है, ताकि उन युवकों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस ने क्षेत्र के पांच युवकों को शक के आधार पर पांच युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले रखा है। पुलिस का कहना है कि इस केस का जल्द खुलासा किया जाएगा।