शामली। चुनावी की घोषणा होते ही युवा भी आने वाली सरकार को लेकर चर्चा करने लगे हैं। सभी का कहना है कि विकास के साथ ही युवाओं को रोजगार देने वाली सरकार होनी चाहिए। उनका कहना है कि किसी भी भर्ती में छह से अधिक का समय नहीं लगना चाहिए।
सिसौली बस स्टैंड पर खडे़ अक्षय मलिक ने बताया कि आज सरकार कोई भर्ती निकालती है तो उसको पूरी करने में कई वर्ष लगा देती है, जो बहुत ही गलत है। एक ही भर्ती पूरी होने में अभ्यर्थी की आयु सीमा समाप्त हो जाती है। अगर भर्ती छह माह में पूरी हो जाए तो युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौके मिल सकते हैं।
माजरा रोड पर सावन ने कहा कि सरकार युवाओं को लैपटॉप बांट रही है। जबकि गरीब छात्र-छात्राओं के लिए सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग सेंटर खोलने चाहिए। सौरभ कुमार ने कहा कि आने वाली सरकार को युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देने वाली हो। अकुल ने कहा कि नई सरकार को यूपी की हर भर्ती में मेरिट प्रणाली को खत्म करके उसके स्थान पर परीक्षा ही आयोजित करानी चाहिए।
प्रवीण कुमार ने कहा कि आज तक किसी भी सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में खेलों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। आने वाली सरकार ऐसी होनी चाहिए जो हरियाणा की तरह खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्टेडियम और फ्री कोचिंग की सुविधा दे। गौरव ने कहा कि क्षेत्र में युवाओं के लिए ज्यादा से ज्यादा रोजगार के लिए सरकार को औद्योगिक क्षेत्र बनाने की ओर ध्यान देना चाहिए।
जिससे युवाओं को घर के पास ही रोजगार मिल सके। सरकारी पालीटेक्निक कॉलेज, आईटीआई खुलने चाहिए, जिससे क्षेत्र के गरीब युवाओं को प्रोफेशनल कोर्स करने के बाद रोजगार मिल सके।