युवाओं ने प्रतिभा के दम पर बढ़ाया जनपद का मान
शामली/थानाभवन। जनपद के युवाओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर शामली जिले को खास पहचान दिलाई है। निशानेबाजी में शिवम राणा, अक्षय कुमार और धैर्य ने क्रिकेट के मैदान पर जनपद का मान बढ़ाया है।
जिला बागपत के गांव निरपुड़ा के मूल निवासी पप्पू राणा शामली की अग्रवाल कालोनी में रहते हैं। पुलिस फायर सर्विस में कार्यरत पप्पू राणा के पुत्र शिवम राणा ने शामली राइफल क्लब में निशानेबाजी का प्रशिक्षण लिया। वर्ष 2018 में स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक प्राप्त किया था। नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप 2018 में केरल में बेहतर प्रदर्शन करने पर शिवम को ऽखेलो इंडिया प्रतियोगिता पुणे महाराष्ट्र में उप्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। वर्ष 2019 में भी शिवम राणा ने शामली में जुलाई में आयोजित हुई 11वीं प्री स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। मेरठ में आयोजित हुई स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में जनपद की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीता। इसके बाद 20 नवंबर को डा. करनी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद दिल्ली में आयोजित एयर फोर्स सलेक्शन ट्रायल में एयर पिस्टल में 577/600 का स्कोर प्राप्त कर होनहार निशानेबाज ने एयर फोर्स में स्पोर्ट्स कोटा वाई ग्रुप में चयन होने में सफलता पाई है।
गांव टिटौली निवासी अक्षय कुमार ने 63वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप भोपाल में एयर पिस्टल टीम वर्ग उप्र का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक, एयर पिस्टल जूनियर वर्ग में रजत पदक और प्वाइंट 22 की पिस्टल टीम में कांस्य पदक प्राप्त कर चुके हैं। विनोद कुमार के पुत्र अक्षय कुमार ने 2017 में नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। अब यह होनहार खिलाड़ी का खेलो इंडिया यूथ गेम्स में चयन हुआ है। ये गेम्स गुवाहटी में 10 जनवरी से 18 जनवरी तक खेले जाएंगे। इस खेल में अक्षय उप्र प्रतिनिधित्व करने के लिए गए हुए हैं। इसके अलावा अक्षय का अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी टीम सलेक्शन ट्रायल में भी चयन हो चुका है। यह ट्रायल फरवरी माह में त्रिवेंद्रम में होगा।
गांव खेड़ा गदाई निवासी थानाभवन गन्ना समिति के चेयरमैन अशोक चौधरी के पुत्र धैर्य सिंह दिल्ली के साकेत स्थित ज्ञान भारती स्कूल में कक्षा 10 के छात्र हैं। धैर्य के बचपन के रुझान को देखते हुए छह साल की उम्र में ही परिजनों ने दिल्ली सीनेट क्लब में भर्ती कराया था। धैर्य सिंह ने बातचीत में बताया कि वे वहां के कोच तारिक सिन्हा से क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। हाल ही में उनका चयन एसजीएफआई स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंडर-17 टीम में चयन हुआ था। उनकी टीम ने दमनदीप में स्कूल गेम्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जहां उनकी टीम ने अच्छा प्रदर्शन कर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। प्रतियोगिता केे दो मुकाबलों में धैर्य क्रमश: 38 व 27 रन बनाकर नॉटआउट रहे। साथ ही एक मुकाबले में शानदार बॉलिंग करते हुए धैर्य ने चार विकेट हासिल कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। धैर्य बताते हैं कि अब दसवीं की परीक्षा देने के बाद वह पहले एसजीएफआई की अंडर-19 टीम में खेलने के लिए ट्रायल देंगे। साथ ही वह दिल्ली की अंडर-17 टीम से खेलने के लिए भी लगातार मेहनत कर रहे हैं। उम्मीद है कि अगले दो से तीन माह बाद उन्हें दिल्ली की अंडर-17 टीम में चयन हो जाएगा। साढ़े 15 साल के धैर्य ऑल राउंडर है। वह मीडियम पेसर बॉलर व मीडिल ऑर्डर में राइट हैंड बल्लेबाजी करते हैं।