शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में माजरा रोड पर दो बाइकों की आमने सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई ने आरोपी बाइक सवार युवक के विरुद्ध तहरीर दी है।
कांधला थानाक्षेत्र के गांव खंदरावली निवासी संजीव कुमार (40) सदर तहसील में एक लेखपाल पास काम करते थे। रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे संजीव बाइक से शहर के माजरा रोड से जा रहे थे। टंकी मोड़ के निकट सामने से आ रही बाइक से संजीव की बाइक में आमने सामने की टक्कर हो गई। जिससे संजीव गिर गया और सिर में गहरी चोट लगने से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से संजीव को सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई राजीव कुमार ने पुलिस को अज्ञात बाइक सवार युवक के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतक ने बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं लगाया था। अगर हेलमेट होता तो शायद युवक की जान बच सकती थी।