युवती की मौत के बाद जांच करती पुलिस और मौजूद लोग। संवाद
झिंझाना। थानाक्षेत्र के गांव नौनांगली निवासी 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई। बुधवार को परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे गांव के युवक ने पुलिस को युवती की हत्या की सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को युवती की हार्ट अटैक से स्वाभाविक मौत होना बताया।
पुलिस की जांच में युवती के गले पर निशान मिला। पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती एमएससी की छात्रा बताई गई है।
मूल रूप से गांव नौनांगली निवासी युवती अपने परिवार के साथ शामली में भैंसवाल रोड पर रहती थी। पिता ने बताया कि शामली स्थित आवास पर बुधवार सुबह युवती की दादी उसे जगाने गई थीं, लेकिन वह नहीं उठी। इसके बाद घर पर ही चिकित्सक को बुलाकर दिखाया गया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने युवती की हार्ट अटैक से स्वाभाविक मौत होना बताया। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव नौनांगली ले गए और अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। जांच अधिकारी वीरेंद्र कसाना ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
युवती की मौत के बाद जांच करती पुलिस और मौजूद लोग। संवाद